
कार्यवाही में जप्त मदिरा एवं वाहन का बाजार मूल्य लगभग 05 लाख 52 हजार रूपये
देवास, कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार देवास जिले में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग के दल द्वारा आयुक्त श्रीमती मंदाकिनी दीक्षित के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त बागली में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय करने पर कार्यवाही की गई। जिसमें बुधवार देर रात्रि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुंजापुरा बागली घाट मार्ग पर चार पहिया वाहन का पीछा किया गया। कार्यवाही के दौरान वाहन चालक वाहन छोड़ कर मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर 15 पेटी देशी/विदेशी मदिरा (बीयर) कुल 150 बल्क लीटर बरामद की गई, जिसके विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। जप्त मदिरा एवं वाहन का बाजार मूल्य लगभग 05 लाख 52 हजार रूपये है। कार्यवाही में वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक डी.पी. सिंह, आबकारी आरक्षक राजेश जोशी, सुरेन्द्र वरसी एवं गीतेश शामिल थे। आबकारी विभाग द्वारा जिले में इस प्रकार की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।




