
देवास लंबे समय से केला देवी चौराहे से आगे तक बनने वाली एमआर-1 रोड का निर्माण कार्य लंबित पड़ा हुआ है। इसके शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम एवं जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में एक वृहद मानव श्रृंखला बनाई गई। मानव श्रृंखला का उद्देश्य प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराना था। इस अवसर पर गौतम एवं चौधरी ने बताया कि रोड निर्माण का कार्य भारतीय जनता पार्टी से जुड़े ठेकेदार समदड़िया ग्रुप को दिया गया था, लेकिन लगातार मांग के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण एमआर-1 रोड का कार्य लगातार विलंबित हो रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक एवं महापौर के विरुद्ध नारेबाजी की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करते हुए न्याय के लिए संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर कांग्रेस नेता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।




