
भेष धारण कर लूट की वारदात करने वाले 06 आरोपी गिरफ्तार।
लूटा गया सोने का मश्रुका, घटना में प्रयुक्त 02 कार एवं धारदार हथियार बरामद।
देवास- पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के द्वारा चोरी/लूट/डकैती की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु निर्देशित किया गया है ।
इसी क्रम में दिनांक 02.07.2026 को थाना कन्नौद पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर इंदौर-बैतूल हाईवे स्थित ननासा सर्विस रोड पर डकैती की योजना बना रहे 05 बदमाशों को हथियार एवं एक अल्टो कार सहित गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना कन्नौद पर अपराध क्रमांक 462/2026 धारा 310(4), 310(5) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
इसी दिन फरियादी कुलदीप पिता जगदीश जाट, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम बरबईखेड़ा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 19.06.2026 को तीन अज्ञात व्यक्तियों में से दो व्यक्तियों ने किन्नर का भेष धारण कर स्विफ्ट डिजायर कार से उसके घर पहुंचकर छलपूर्वक चाकू की नोक पर लगभग ₹1.50 लाख मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिए थे। आरोपियों के भय के कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर फरियादी ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इस पर थाना खातेगांव में अपराध क्रमांक 451/2026 धारा 3(5), 309(4), 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी सोनु उर्फ सुनील पिता लालू नाथ निवासी शिवपुर बड़ोदिया, जिला रतलाम को संदलपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों जीवन, भैरूनाथ, लखन, कैलाश एवं अर्जुन के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई। विवेचना के दौरान ज्ञात हुआ कि अन्य पांच आरोपी थाना कन्नौद के एक अन्य प्रकरण में गिरफ्तार होकर उप जेल कन्नौद में निरुद्ध हैं। माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार की, जिनके कब्जे से लूटा गया सोने का मश्रुका, घटना में प्रयुक्त हथियार एवं अन्य सामग्री बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपीगण
1. सोनु उर्फ सुनील पिता लालू नाथ, निवासी शिवपुर बड़ोदिया, जिला रतलाम।
2. भैरूनाथ पिता कालूनाथ, निवासी पाढ़ुनीखुर्द, जिला धार।
3. जीवन पिता मदननाथ, निवासी मांईदा, जिला धार।
4. लखन पिता कैलाशनाथ, निवासी आनंद नगर, संदलपुर, जिला धार।
5. अर्जुन पिता कालूनाथ, निवासी बोईंदा, जिला धार।
6. कैलाश पिता उमरावनाथ, निवासी बोईंदा, जिला धार।
तरीका-ए-वारदात
आरोपी किन्नर का भेष धारण कर लोगों को विश्वास में लेते थे तथा सुनसान स्थान अथवा घरों पर पहुंचकर भय दिखाते हुए चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
बरामद मश्रुका
• 02 सोने की मालाएं।
• 01 जोड़ी सोने के टॉप्स।
• घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर एवं अल्टो कार।
• 02 धारदार हथियार।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह लोधी, सहायक उप निरीक्षक जगन्नाथ चावड़े, प्रधान आरक्षक दुर्गेश विश्नोई, आरक्षक सोहन जाट, मनमोहन, महिला आरक्षक आशा यादव तथा साइबर सेल से आरक्षक सोनु एवं आरक्षक युवराज की सराहनीय भूमिका रही।




